सर्दी का मौसम सेहत के लिहाज से एक सेहतमंद मौसम माना जाता है। डॉक्टर भी मानते हैं कि अगर आहार और व्यायाम का थोड़ा ख्याल रखा जाएं तो सर्दियों का मौसम काफी सेहतमंद रहता है। लेकिन थोड़ी-सी लापरवाही, इस मौसम में आपको मुसीबत में डाल सकती है।
जाड़े के दिनों में बुखार और निमोनिया तो आम है लेकिन सर्दियां अपने साथ कई गम्भीर परेशानियां भी लेकर आती हैं, जैसे उच्च-रक्तचाप और दिल की परेशानी आदि।
सर्दी में दिल के मरीजों को काफी सतर्क रहना चाहिए। इस मौसम में दिल का दौरा पड़ने का खतरा बढ़ जाता है क्योंकि निम्न (कम) तापमान में रक्तचाप और कोलेस्ट्रॉल का स्तर बढ़ जाता है।
डॉक्टरों का कहना है कि तापमान में अचानक गिरावट से सबसे ज्यादा खतरा विंटर हाईपोथर्मिया (शरीर का तापमान सामान्य से कम होना) का होता है। हाईपोथर्मिया तब होता है जब शरीर बेहद ठंडा हो जाए और उसमें ठंड से लड़ने की क्षमता भी न हो। यह समस्या ज्यादातर उन लोगों को होती है जो लम्बे समय तक ठंड में काम करते हैं।
बच्चे, बुजुर्ग और शराब पीने वाले हाईपोथर्मिया के शिकार हो सकते हैं। बहुत ज्यादा ठंड लगना, शरीर में दर्द, कमजोरी, थकान इसके मुख्य लक्षण हैं। इसके अलावा आमतौर पर बुजुर्गों को गठिया, दमा, पक्षघात जैसी कई परेशानियां होती हैं। इसलिए छोटे बच्चों की ही तरह इन्हें भी ठंड से बचाना जरूरी है।
दमा के मरीजों को भी सर्दी के मौसम में खास एहतियात बरतने चाहिए। इस मौसम में बढ़ते ठंड की वजह से दमा के दौरा पड़ने की आशंका ज्यादा बढ़ जाती है।
खांसी, सांस लेने में दिक्कत, छाती या नाक का सर्दियों की वजह से जाम होना जैसी दिक्कतें होने पर तुरंत डॉक्टर से मिलना चाहिए, साथ ही यह भी ध्यान में रखना चाहिए कि ऐसे मरीज अपनी दवाएं और इंहेलर हमेशा साथ में रखें।
सर्दी का मौसम डायबिटीज के मरीजों के लिए खासा परेशानी वाला होता है। खासकर ठंड की वजह से लोग इस मौसम में काफी भोजन लेते हैं जो कि डायबिटीज के मरीजों के लिए खतरनाक है। गुड़, गजक जैसी मीठी चीजें खाने से इस समय शुगर (शक्कर) की परेशानी बढ़ जाती है।
सर्दियों में चुस्त और तंदुरुस्त रहने के लिए कुछ बातों का ध्याना रखना चाहिए। सबसे पहले घर से बाहर निकलते समय अपने कान, नाक गर्दन और सिर अच्छी तरह से ढंककर निकलें। सर्दियों में ऊनी और गर्म कपड़े पहन कर निकलना चाहिए। बुजुर्ग और छोटे बच्चों के कमरे, बंद और गर्म रखने चाहिए।
बुजुर्ग जितना हो सके घर के अंदर ही रहें। सर्दी में सुबह-सुबह टहलने से बचना चाहिए। घूमने-फिरने से शरीर को गर्मी मिलती है, इसलिए ज्यादा देर तक एक जगह बैठे नहीं रहना चाहिए।
यह भी ध्यान रखें कि मौसम चाहे कोई भी हो, पानी हमारे शरीर के लिए बहुत जरुरी है। इसलिए हर रोज कम से कम आठ से दस ग्लास पानी जरूर लें। अल्कोहल, चाय और कॉफी कम लेना चाहिए या इसके उपयोग से बचना चाहिए।
No comments:
Post a Comment
आपको कैसा लगा ?