Monday, March 15, 2010

नवरात्र नकारात्मकता पर सकारात्मकता की जीत का अवसर प्रदान करने में सक्षम हैं।

चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की प्रथम तिथि से नववर्ष का शुभारंभ हो जाता है। और नववर्ष के प्रारंभ के साथ ही शुरुआत हो जाती है वसंतकालीन नवरात्र महोत्सव की। पितृपक्ष या श्राद्ध की समाप्ति हो और चैत्र मास के कृष्ण पक्ष की समाप्ति के साथ ही परिवेश में एक परिवर्तन आने लगता है। इस परिवर्तन के कई स्तर और स्वरूप हैं। पहला परिवर्तन है ऋतु परिवर्तन। नवरात्रों का आयोजन वर्ष में दो बार किया जाता है। एक है वसंतकालीन नवरात्र तथा दूसरा है शरदकालीन नवरात्र। वसंत और शरद दोनों ऋतुएं परिवर्तन की सूचक हैं। ऋतुओं के संधिकाल में नवरात्रों का आयोजन वास्तव में मनुष्य के बाह्य और आतरिक परिवर्तन में संतुलन स्थापित करना है। इस आयोजन का उद्देश्य ही मनुष्य के अंतर्जगत में सही परिवर्तन कर उसे बाह्य परिवर्तन के अनुकूल बनाकर संतुलन प्रदान करना है।

यह तथ्य अत्यंत महत्वपूर्ण है कि मनुष्य के लिए बाह्य परिवर्तन को स्वीकार करना अनिवार्य है। यदि मनुष्य बदलते परिवेश अथवा परिवर्तन को स्वीकार नहीं करेगा तो उसका अस्तित्व ही संकट में पड़ जाएगा। बाह्य परिवर्तन को स्वीकार करने के लिए आतरिक परिवर्तन अनिवार्य है। नवरात्रों के दौरान किए जाने वाले अनुष्ठान व्रत तथा पूजा-अर्चना आदि पर्यावरण की शुद्धि के साथ-साथ मनुष्य की शरीर शुद्धि और भाव शुद्धि में भी सक्षम हैं। नवरात्रों के दौरान व्रत का उद्देश्य शरीर की शुद्धि करे। शरीर की शुद्धि के बिना मन की शुद्धि अर्थात् भाव शुद्धि संभव नहीं है। नवरात्रों के दौरान सभी प्रकार के अनुष्ठान शरीर और मन की शुद्धि में सहायक होते हैं। नवरात्रों का आयोजन शुक्ल पक्ष में ही किया जाता है। वसंतकालीन नवरात्र चैत्र मास की शुक्ल पक्ष की प्रथम तिथि से प्रारंभ होते हैं तो शरद्कालीन नवरात्र आश्रि्वन मास की शुक्ल पक्ष की प्रथम तिथि से। प्रत्येक मास में दो पक्ष होते हैं कृष्ण पक्ष और शुक्ल पक्ष। कृष्ण पक्ष बढ़ते अंधकार और अज्ञान का प्रतीक है तो शुक्ल पक्ष घटते अंधकार और अज्ञान का प्रतीक।

शुक्ल पक्ष में नवरात्रों का आयोजन इस तथ्य का प्रतीक है कि हम निरंतर असत्य से सत्य की ओर, अंधकार से प्रकाश की ओर तथा मृत्यु से अमरता की ओर अग्रसर हों। अपने मनोभावों को सकारात्मकता प्रदान करें क्योंकि सकारात्मकता के अभाव में असत्य, तमस और मृत्यु से पार पाना असंभव है। नवरात्र नकारात्मकता पर सकारात्मकता की जीत का अवसर प्रदान करने में सक्षम हैं। नवरात्रों के आयोजन का एक और पक्ष भी है। इन दिनों दुर्गा के विभिन्न नौ रूपों की पूजा-अर्चना की जाती है। दुर्गा के ये रूप वस्तुत: मनुष्य की विभिन्न मनोदशाओं के परिष्कार से जुड़े हैं। दुर्गा के विभिन्न रूप विभिन्न राक्षसों के संहार से जुड़े हैं। ये राक्षस वास्तव में मनुष्य की नकारात्मक घातक प्रवत्तियों के प्रतीक हैं। राक्षसों का संहार करने वाली देवी की पूजा-अर्चना का अर्थ है आसुरी वृत्तियों अर्थात् मन से नकारात्मक घातक भावों का उन्मूलन। यदि हम ऐसा नहीं कर पाते तो नवरात्रों का आयोजन सार्थक नहीं कहा जा सकता।

जीवन में सुख और दुख दोनों साथ-साथ चलते हैं। वास्तव में सुख की अनुभूति के लिए अनिवार्य है दुख का आस्वादन भी। यही स्थिति मौसम और ऋतुओं की भी है। कड़ी ठंड के बाद गर्मी और गर्मी के बाद कड़ी ठंड। दिन के बाद रात और रात के उपरात दिन। यदि हम ध्यानपूर्वक देखें तो पाते हैं कि विषम प्रतिकूल मौसम या अवस्था के बाद एक सुहावना मौसम भी अवश्य आता है। सर्दी के बाद वसंत तो गर्मी के बाद वर्षा तथा शरद ऋतु। ये गर्मी-सर्दी जहां प्रतिकूल परिस्थितियों का प्रतीक हैं, वहीं वसंत-शरद ऋतुएं अनुकूल परिस्थितियों का। सुख के बाद दुख तथा दुख के बाद सुख का आगमन अपरिहार्य है। सुख स्थायी नहीं है तो दुख भी स्थायी नहीं है। यदि हम इस तथ्य को जान लें तो जीवन सरल हो जाए। निराशा से बच जाएंगे। इसी से आशावादिता का विकास भी संभव है जो एक सकारात्मक वृत्ति है। इस प्रकार नवरात्रों का आयोजन आध्यात्मिक दृष्टि से भी अत्यंत महत्वपूर्ण है जो जीवन में समता का भाव उत्पन्न करने में सहायक है।

नवरात्रों का आयोजन धूम-धाम से किया जाता है। यह हमें आनंदानुभूति प्रदान करता है। आनंद की अवस्था मनुष्य के लिए सबसे अच्छी अवस्था है। आनंद की अवस्था में हमारे शरीर में जो हार्मोन उत्सर्जित होते हैं वे हमें व्याधियों से तो बचाते ही हैं साथ ही रोग होने की दशा में शीघ्र रोगमुक्ति प्रदान करने में भी सहायक होते हैं। इस प्रकार अन्य उत्सवों और आयोजनों की तरह ही नवारात्रों के आयोजन का सीधा संबंध हमारे अच्छे स्वास्थ्य और रोगमुक्ति से भी है।

Wednesday, March 10, 2010

ऐसे करें अपने बच्चों का विकास !

महापुरुषों का कथन है कि बालक की नैतिक शिक्षा उसके जन्म से पूर्व ही आरम्भ हो जाती है । अतः अपनी सन्तान को सच्चरित्र बनाने की अभिलाषा रखने वाले माता-पिता का यह कर्त्तव्य है कि वे बालक के जन्म से ही उन गुणों को स्वयं प्राप्त करने का प्रयत्न करें, जिन गुणों को वे अपनी सन्तान में होना आवश्यक समझते हैं । फिर भी जिन बालकों के माता-पिता ने इस ओर उचित ध्यान नहीं दिया, उनकी प्रवृत्तियों का भी अच्छी परिस्थिति की सहायता से बहुत कुछ सुधार किया जा सकता है । भले साथियों के सहवास से बुरी प्रवृत्तियों का दमन तथा अच्छी प्रवृत्तियों को उत्तेजित किया जा सकता है ।
वंश परम्परा तथा कुसंगति द्वारा प्राप्त कुप्रवृत्तियों का पारिवारिक सुधार कुछ अंशों में सदाचार शिक्षा द्वारा हो सकता है, परन्तु इस प्रकार की शिक्षा देने में निम्नलिखित छः बातों की ओर ध्यान देना आवश्यक है-

(१) कुछ सीमा के अन्दर बालकों को थोड़ी-बहुत स्वतंत्रता अवश्यमेव देनी चाहिए । उनकी प्रवृत्तियों का व्यर्थ दमन करने तथा हर समय उनको सख्त कैद में रखने से बहुत हानि की आश्शंका रहती है । इस प्रकार बालक डरपोक बन जाते हैं और उनमें आत्मविश्वास, स्वावलम्बन, दृढ़ निश्चय, उद्योगशीलता तथा मौलिकता आदि गुणों का विकास नहीं होने पाता । अतः बालकों को स्वतन्त्र रीति से कार्य करने का अधिक से अधिक अवसर देना चाहिए, जिससे कि उनके व्यक्तित्व और चरित्र का उचित रूप से विकास हो सके ।

Monday, March 8, 2010

हवस आज तक किसी की पूरी नहीं हुई !

बेटे ! जिसको आप सांसारिक कामना कहते हैं , वह जलती हुई आग है, जो आज तक किसी की पूरी नहीं हुई और न कभी किसी की पूरी हो सकती सकती है ! एक कामना ख़तम नहीं हो पाती कि दूसरी कामना हावी हो जाती है !
जब तक हम बी . ए . पास नहीं कर पाते , डिग्री नहीं प्राप्त कर पाते,तब तक एम . ए .कि ललक तैयार हो जाती है ! शादी हो करके जब तक ख़ुशी मनाने का मौका आ नहीं पाता , तब तक बच्चे की हवस खडी हो जाती है !
हजार रुपये हमने कमा लिए , तो दो हजार की हवस कायम हो जाती है ! हवस उस वक्त तक समाप्त नहीं हो सकती , जब तक सारी दुनिया की सारी दौलत एक आदमी के चरणों में न आ जाये ! चाहे सारी दुनिया की दौलत को कमाने वाले का नाम सिकंदर हो , रावण हो या हिरण्यकशिप , कोई चैन नहीं मिला ! शांति मिली ? किसी को शांति नहीं मिली ! तो फिर कल्पवृक्ष से मनोकामनाएं कैसे पूरी हो सकती है ? मनोकामना में बेटे ! दृष्टिकोण में भौतिक इच्छाएं जो है ,हमें खा डालती हैं ! कहा भी गया है - भोगा न भुक्ता वयमेव भुक्ता: अर्थात भोगों को हम भोग नहीं पाए , भोगों ने हमको भोग लिया ! इच्छाओं को हम पूरा नहीं कर पाए , पर इच्छाओं ने अपनी इच्छा पूरी कर ली !
अखंड ज्योति पत्रिका फरवरी २०१० से !

http://yugsandesh.blogspot.com/

Saturday, March 6, 2010

दैवी और आसुरी

साथियों ! हमारे भीतर दैवी और आसुरी -दो सताएँ, दो शक्तियाँ काम करती हैं ! अपने भीतर दोनों की रस्साकस्सी होती रहती है ! दोनों अपनी -अपनी और खींचने के लिए इसी तरह काम करती रहती हैं , जैसे कि दो पार्टियाँ इलेक्शन में खडी हो गई हैं ! दोनों के प्रचारतंत्र मजबूत हो गए हैं ! दोनों ने अपनी - अपनी बातें कहनी शुरू कर दी हैं ! इन दोनों का इलेक्शन अपने भीतर होता रहता है ! दोनों की लड़ाई भीतर जमी रहती है ! इनमें से एक असुर है और एक देव !
अगर हम देव के पक्षमें वोट देना शुरू करें , देव का हम समर्थन शरू करें तो बेटे ! हमारे भीतर वे क्षमताएँ जाग्रत हो सकती हैं , जो हमको स्वर्गीय जीवन जीने का आनंद दे सकती हैं ! इसी जीवन में हम देवताओं के तरीके से इसी शरीर में शानदार जीवनयापन कर सकते हैं !
पंडित. श्रीराम शर्मा आचार्य

Friday, March 5, 2010

न तो निंदा पर विचार करो और न प्रशंसा की चाह करो! {विचारसार एवं सूक्तियां }

न तो निंदा पर विचार करो और न प्रशंसा की चाह करो! दुसरे तुम्हारे लिए क्या कहते हैं , इसके लिए चिंतित होने की तनिक भी आवश्यकता नहीं है ! जिस कार्य को तुम्हारी अंतरात्मा ठीक समझती है , उसी पर सच्चे ह्रदय से आरुढ़ रहो ! विरोधी लोग एक दिन समर्थक बन जायेंगें !
विचारसार एवं सूक्तियां
पंडित. श्रीराम शर्मा आचार्य

Thursday, March 4, 2010

आत्म - साधना

कीमती फसलें उगाने के लिए भूमि को विशेष रूप से तैयार करना पड़ता है, संवेदनशील औषधियां रेफ्रिजरेटर में त्रतुप्रभाव से बचाकर रखनी पड़ती है , ज्यादा बड़ी धन राशी घर में रखनी हो तो सुरक्षा के लिए तिजोरी चाहिए ही !
उच्चस्तरीय आत्मबल उगाने , उपलब्ध विभूतियों को संभालकर रखने के लिए परिष्कृत वक्तितव चाहिए ! वह सहज ही नहीं मिल जाता , परिश्रमपूर्वक उपार्जित करना होता है ! आत्मसाधना की उपेक्षा करते हुए भी अनगढ़ आदतों से,
घिनोनी जीवनचर्या से लदे रहते हुए भी जो आत्मिक प्रगति की उस क्षेत्र की विभूतियाँ अर्जित कर लेने का 'शार्टकट '
धुंडते हैं वे भूल करते हैं , इस लक्ष्य ता पहुँचने के लिए एक सुनिश्चित राजमार्ग है , आत्म - साधना का !
इसे छोड़कर पगडंडियों में भटकने से थकान , खीज और निराशा के अतिरिक्त और कुछ पल्ले नहीं पड़ता है !
पंडित. श्रीराम शर्मा आचार्य